Kosi Live-कोशी लाइव CRIME:मधेपुरा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी निकला मुख्य आरोपी; एक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, January 28, 2026

CRIME:मधेपुरा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी निकला मुख्य आरोपी; एक गिरफ्तार

हेडलाइन:
मधेपुरा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी निकला मुख्य आरोपी; एक गिरफ्तार, SIT गठित

पूरी खबर:


मधेपुरा। शंकरपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के साथ चार-पांच युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी बुधवार को पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जो पीड़िता का प्रेमी बताया जा रहा है।

घटना सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के पटोरी स्थित बांसबिट्टी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, जहां से 8 से 10 बोतल कफ सिरप बरामद की गई है। महिला थाना, सिंहेश्वर थाना और शंकरपुर थाना की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी है।

पीड़िता का सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पीड़िता के अनुसार शंकरपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी वासु यादव उर्फ सतेन्द्र यादव के पुत्र रोशन कुमार के साथ उसका प्रेम प्रसंग था।
24 जनवरी की रात रोशन कुमार ने शादी का झांसा देकर चार चक्का वाहन से उसे घर से भगाया। वाहन में रोशन के साथ उसके चार दोस्त भी मौजूद थे, जिनकी पहचान पीड़िता नहीं कर सकी।

पीड़िता ने बताया कि सभी आरोपित उसे रास्ते में पटोरी बांसबिट्टी ले गए, जहां पहले रोशन कुमार और फिर उसके चारों दोस्तों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सभी आरोपी उसे सिंहेश्वर में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को मेडिकल कॉलेज में पाया। अस्पताल प्रशासन द्वारा स्वजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

महिला थाना की पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के संज्ञान में आते ही एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।
मधेपुरा एसपी संदीप सिंह ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। शादी का झांसा देकर प्रेम प्रसंग के नाम पर दोस्तों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया गया। अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही अन्य फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।