Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:लव मैरिज के 3 महीने बाद BPSC शिक्षिका ने किया सुसाइड, परिवार पर पति को छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 30, 2026

BIHAR:लव मैरिज के 3 महीने बाद BPSC शिक्षिका ने किया सुसाइड, परिवार पर पति को छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप

लव मैरिज के 3 महीने बाद BPSC शिक्षिका ने किया सुसाइड, परिवार पर पति को छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप

हाजीपुर/वैशाली: वैशाली जिले में यूपी की रहने वाली एक BPSC शिक्षिका ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 27 वर्षीय मधु पाल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के मसवानपुर गांव की रहने वाली थीं और कटहरा थाना क्षेत्र के चेहराकलां प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।

मधु ने करीब तीन महीने पहले 2 मई 2026 को परिवार की इच्छा के खिलाफ कन्नौज जिले के सरसई गांव निवासी गौरव कुमार पाल से लव मैरिज की थी। शादी के बाद गौरव भी उनके साथ बिहार में रह रहा था।

स्कूल से लौटने के बाद कमरे में लगाई फांसी

घटना शनिवार, 29 अगस्त की बताई जा रही है। मधु रोज की तरह स्कूल गई थीं और ड्यूटी पूरी करने के बाद दोपहर करीब एक बजे अपने किराए के कमरे पर लौट आईं।

शाम को पति गौरव ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि मधु उनका फोन रिसीव नहीं कर रही हैं। इसके बाद मकान मालिक कमरे पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर कटहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 11 बजे दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मधु का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला।

एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा, लेकिन वहां पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को पीएमसीएच भेजा गया।

रक्षाबंधन पर गई थीं मायके

पति के दोस्त अजीत पाल के मुताबिक, रक्षाबंधन के अवसर पर मधु और गौरव कानपुर गए थे। मधु को उसके मायके में छोड़कर गौरव अपने घर राखी मनाने चला गया था। बाद में मधु के परिजनों ने उसे बिहार जाने वाली बस में बैठा दिया था।

अजीत का दावा है कि मधु के परिवार वाले उसकी शादी से खुश नहीं थे और शादी के बाद से ही उसे गौरव से अलग होने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

दोस्त का दावा- पति को छोड़ने का बनाया जा रहा था दबाव

अजीत पाल ने आरोप लगाया कि मधु के परिजन चाहते थे कि वह गौरव को छोड़कर घर लौट आए। कथित तौर पर परिवार की ओर से उससे कहा जा रहा था कि वह पति को छोड़ दे, इसके बाद उसकी दूसरी शादी करा दी जाएगी। दोस्त ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

हालांकि, ये आरोप फिलहाल मृतका के पति के दोस्त की ओर से लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षिका ने आत्महत्या क्यों की।

स्कूल में भी अच्छी थी छवि

विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि मधु पाल का व्यवहार छात्रों और अन्य शिक्षकों के साथ अच्छा था। वह बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ाती थीं। प्रधानाचार्य के अनुसार, मधु ने प्रेम प्रसंग में शादी की थी और उनके माता-पिता इस शादी के विरोध में थे।

पुलिस ने एफएसएल जांच के बाद कमरे को सील कर दिया है। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ परिवार, पति और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।