Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मिस्ड कॉल से शुरू हुआ प्यार, 55 वर्षीय महिला प्रेमी संग फरार, बस स्टैंड पर बेटे ने पकड़ा — घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, January 11, 2026

BIHAR:मिस्ड कॉल से शुरू हुआ प्यार, 55 वर्षीय महिला प्रेमी संग फरार, बस स्टैंड पर बेटे ने पकड़ा — घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

 


हेडलाइन :

मिस्ड कॉल से शुरू हुआ प्यार, 55 वर्षीय महिला प्रेमी संग फरार, बस स्टैंड पर बेटे ने पकड़ा — घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा


पूरी खबर :

अमरपुर (बांका)। बांका जिले के अमरपुर से एक हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जहां 55 वर्षीय एक महिला मोबाइल पर मिस्ड कॉल से शुरू हुए प्रेम संबंध के बाद एक पुरुष के साथ घर से फरार हो गई और दोनों ने बाहर जाकर शादी भी कर ली। मामला रविवार को उस वक्त सार्वजनिक हो गया जब महिला अपने प्रेमी के साथ अमरपुर बस स्टैंड चौक पर देखी गई, जहां उसके पुत्र ने उसे पकड़ लिया और जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के अनुसार भरको गांव निवासी खुशबू देवी (55) छह माह पूर्व मोबाइल पर मिस्ड कॉल के जरिए अररिया जिले के नारायणपुर गांव निवासी वकील मिश्रा के संपर्क में आई थीं। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया और दोनों ने पंजाब के लुधियाना में जाकर शादी कर ली। इसके बाद महिला घर से फरार हो गई थी।

रविवार की सुबह गांव के लोगों ने महिला को अमरपुर बस स्टैंड चौक पर एक युवक के साथ देखा, जो कहीं जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसकी सूचना महिला के पुत्र समीट मंडल को मिली। जब वह मौके पर पहुंचा और मां से घर चलने को कहा तो महिला ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला, उसके पुत्र तथा अन्य लोगों को थाने ले गई, जहां घंटों तक पूछताछ और समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा। हालांकि महिला अपने प्रेमी के साथ ही जाने की जिद पर अड़ी रही।

महिला के पुत्र समीत मंडल ने आरोप लगाया कि छह महीने पहले मां उसकी पत्नी के गहने और अन्य कीमती सामान लेकर घर से फरार हो गई थी। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।