मधुबन। पूर्व सांसद स्व. सीताराम सिंह की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धाजंलि कार्यक्रम के बाद लोगों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार तेजी से बदल रहा है और अब अपराधियों व नक्सलियों के लिए यहां कोई जगह नहीं है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि अपराधियों ने बिहार में रहने की कोशिश की तो उनकी जगह या तो जेल होगी या ऊपर। नक्सलवाद को आगामी 31 मार्च तक जड़ से समाप्त करने की सरकार की प्रतिबद्धता को उन्होंने दोहराया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि स्व. सीताराम बाबू आजीवन क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित रहे। उनके अधूरे सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी अब नई पीढ़ी की है। उन्होंने उनके पुत्र राणा रणधीर को जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने शराब माफिया, भू-माफिया और बालू माफिया के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि या तो अपराध छोड़ दें या बिहार छोड़ दें।
युवाओं को बिहार में ही मिलेगा रोजगार
डिप्टी सीएम ने कहा कि अब युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में नहीं जाना पड़ेगा। 'युवा कौशल बिहार' योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए कर्पूरी विश्वविद्यालय का गठन किया गया है, जो उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन और पूंजी उपलब्ध कराएगा। 15 दिनों के भीतर सारी सुविधाएं देने की व्यवस्था की जाएगी।
धार्मिक और विकास कार्यों की बड़ी घोषणाएं
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की तरह सीतामढ़ी में भव्य सीता माता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वहीं, बाल्मीकि नगर में 100 करोड़ की लागत से लव-कुश जन्मस्थली का विकास किया जाएगा। सिकरहना तटबंध पर करोड़ों की लागत से कार्य चल रहा है तथा बूढ़ी गंडक नदी के तटबंध निर्माण और सफाई का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
सीताराम बाबू की राष्ट्रवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं उनके पुत्र : राधामोहन
सभा को संबोधित करते हुए सांसद सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि स्व सीताराम बाबू एक अनुभवी और राष्ट्रवादी विचारधारा के नेता थे। उनकी विचारधारा को उनके पुत्र आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में गांवों का समग्र विकास हो रहा है।
विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत गांव स्वयं अपनी विकास योजना बनाएंगे। पूर्व सांसद रामादेवी ने भी स्वर्गीय सीताराम बाबू को विकास पुरुष बताते हुए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की शुरुआत समाधि स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। उपमुख्यमंत्री ने गांव में कन्या विवाह मंडप एवं अतिथिगृह निर्माण का शिलान्यास किया और पौधारोपण किया। समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन बहारूद्वीन व सभा का संचालन आकाश गुप्ता और नीतीश सर्राफ ने किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार, लालबाबू प्रसाद गुप्ता, कृष्णनंदन पासवान, श्यामबाबू यादव, महेश्वर सिंह, पूर्व विधायक सुनीलमणि तिवारी, लक्ष्मीनारायण यादव, ठाकुर राणा रत्नाकर, स्व सांसद की पत्नी राजकुमारी देवी, पुत्र रणवीर सिंह, रंजीत सिंह,डा कामिनी सिंह, नगीना सिंह, प्रो. वीरेंद्र सिंह, सत्येंद्र नारायण सिंह, अशोक सिंह, लालबाबू पासवान, मनीष कुमार पाण्डेय, सुमन कुमार सिंह,अमरजीत कुमार सिंह, शंभू सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रदेश व जिला स्तर के नेता और समर्थक मौजूद थे।
वित्त रहित कॉलेजकर्मियों ने सौंपा मांग पत्र
भगवान सिंह कॉलेज मधुबन एवं सीताराम सिंह कॉलेज के कर्मियों ने कुछ दिन पहले से ही डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से मिलकर आवेदन देने की तैयारी कर रखी थी। स्थानीय विधायक राणा रणधीर सिंह के नेतृत्व में दोनों ही महाविद्यालय के कर्मियों ने उपमुख्यमंत्री को वित्तरहित कर्मियों की समस्याओं के समाधान हेतु आग्रह पत्र समर्पित किया।