सत्तरकटैया (सहरसा)। सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता और उपस्थिति में पारदर्शिता लाने के लिए शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभागीय निर्देश के तहत कक्षा पहली से से 12वीं तक के सभी छात्रों की उपस्थिति अब ऑनलाइन मोड में दर्ज की जाएगी। इसी को लेकर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में फेस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं का चेहरा स्कैन कर उन्हें ऑनलाइन उपस्थिति ऐप से जोड़ा जा रहा है। हर दिन विद्यालय पहुंचने पर छात्रों को अपने चेहरे की पहचान करानी होगी, जिसके बाद उपस्थिति सीधे विभागीय सर्वर पर अपलोड हो जाएगी।
शिक्षकों का सहयोग और तकनीकी टीम सक्रिय
प्रधानाध्यापकों के निर्देशन में विद्यालयों में शिक्षकों और तकनीकी सहयोगियों की टीम छात्रों का फेस डेटा संग्रह कर रही है। कई विद्यालयों में सैकड़ों छात्रों का पंजीकरण पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष छात्रों का कार्य अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा।
शिक्षकों का मानना है कि यह पहल उपस्थिति में बढ़ोतरी करने के साथ-साथ छात्रों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करेगी।
फर्जी उपस्थिति पर लगेगी रोक
शिक्षा विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद हाथ से लिखी उपस्थिति पुस्तिका की आवश्यकता काफी कम हो जाएगी। इससे फर्जी उपस्थिति का मामला लगभग समाप्त हो जाएगा और वास्तविक उपस्थिति का रियल-टाइम डेटा उपलब्ध रहेगा।