हेडलाइन:
रघुवंशनगर पुलिस की कार्रवाई: देसी कट्टा के साथ एक युवक गिरफ्तार, नाबालिग भी निरुद्ध
पूरी खबर:
पूर्णिया जिला के रघुवंशनगर थाना पुलिस ने रविवार की शाम अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया, वहीं उसकी निशानदेही पर एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष शिशुपाल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जानकारी के अनुसार, रघुवंशनगर थाना के एएसआई प्रमोद राम पुलिस बल के साथ संध्या गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान लगभग रात 8:30 बजे सूचना मिली कि एक युवक हथियार लेकर ओरलाहा चौक की ओर आया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और ओरलाहा मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे धर दबोचा। उसकी पहचान चंदन कुमार, निवासी– ओरलाहा वार्ड संख्या 1, थाना रघुवंशनगर, जिला पूर्णिया के रूप में की गई। तलाशी में चंदन की कमर से एक देसी कट्टा तथा जेब से मोबाइल फोन बरामद किया गया।
हथियार की पूछताछ में चंदन ने खुलासा किया कि यह कट्टा उसके ही गांव के एक नाबालिग ने दिया था और वह उसे सौंपने के लिए आया था। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी करते हुए नाबालिग को भी निरुद्ध कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, और अवैध हथियार के स्रोत की भी छानबीन जारी है।