*स्कॉर्पियो से हो रही थी अवैध कोडिन सिरप की ढुलाई, पुलिस ने 111 लीटर बरामद किया
*वैजनाथपुर पुलिस ने गुप्त सूचना पर मारी दबिश, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पूरी खबर
सहरसा। जिले में शराब एवं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बैजनाथपुर थाना पुलिस ने रविवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर स्कॉर्पियो वाहन से कोडिन युक्त कफ सिरप (विस्कॉफ) की बड़ी खेप बरामद की है।
घटना 30 नवंबर 2025 की रात की है। बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली कि भगवानपुर वार्ड नं-05 निवासी विजय उर्फ टिंकू यादव एक उजले रंग की स्कॉर्पियो (BR-19U-5793) से बैजनाथपुर से पथराहा की ओर जा रहा है और गाड़ी में अवैध सामान हो सकता है।
सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम मुसहरनियां मोड़ तीनमुहानी के पास जांच में लग गई। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो दिखी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन सड़क किनारे रोक दिया और भागने लगा। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की और सीट के नीचे प्लास्टिक के 6 कार्टन मिले, जिनमें विस्कॉफ कफ सिरप की कुल 1110 बोतलें थीं। बरामद सिरप की कुल मात्रा 111 लीटर बताई गई। पुलिस ने वाहन और सभी बोतलों को विधिवत जब्त कर लिया है।
इस संबंध में वैजनाथपुर थाना कांड संख्या 133/2025 दर्ज किया गया है। मामला धारा 30(A)/41 बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस तस्कर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और सप्लाई नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।
बरामदगी
- स्कॉर्पियो वाहन – 01
- विस्कॉफ कफ सिरप – 1110 बोतल
(कुल 111 लीटर)
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- पुअनि अमित रंजन – थानाध्यक्ष, बैजनाथपुर
- स.अ.नि. मोहन शुक्ला – बैजनाथपुर थाना
- पीटीसी सुरेश कुमार – बैजनाथपुर थाना
- सशस्त्र बल टीम – बैजनाथपुर थाना