हेडलाइन :
भागलपुर में हैवानियत: बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन से गर्लफ्रेंड को फेंका, युवती गंभीर रूप से घायल
पूरी खबर :
भागलपुर। जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सबौर रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। घायल अवस्था में युवती को डायल-112 की टीम ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे कहलगांव रेफरल अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल युवती की पहचान रश्मि खातून (19) के रूप में हुई है। उसके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़िता का बयान
रश्मि खातून ने बताया कि उसका मोहम्मद सीटू (21) के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी। सीटू उसका पड़ोसी था और दिल्ली में नौकरी करता था। कुछ दिन पहले सीटू घर आया और 4 दिसंबर को फोन कर कहा कि दोनों घर से भागकर शादी कर लें। उस पर भरोसा कर वह उसके साथ दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गई।
दिल्ली पहुंचते ही छोड़कर हुआ फरार
पीड़िता के अनुसार, जैसे ही ट्रेन आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंची, सीटू उसका हाथ छोड़कर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला तो जीआरपी ने रश्मि को अपनी कस्टडी में लिया और परिजनों को सूचना दी। परिजन दिल्ली पहुंचे, जिसके बाद प्रेमी भी थाने आया। आपसी सहमति के आधार पर बॉन्ड भरवाकर सभी को छोड़ दिया गया।
वापसी के दौरान चलती ट्रेन से फेंका
रश्मि ने बताया कि 11 दिसंबर को वह अपनी मां और प्रेमी सीटू के साथ ब्रह्मपुत्र मेल से भागलपुर लौट रही थी। 12 दिसंबर को सबौर स्टेशन के पास सीटू ने उससे मोबाइल फोन मांगा। इनकार करने पर उसने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया और खुद भी ट्रेन से कूद गया। घटना के समय उसकी मां बाथरूम गई हुई थी।
मां का आरोप, आरोपी फरार
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि बेटी की शादी उसी युवक से तय होने वाली थी। घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और वह फरार बताया जा रहा है। मामले को लेकर जीआरपी थाना अध्यक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सबौर स्टेशन के पास इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।