मुंगेर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 14 पिस्टल और 16 मैगज़ीन के साथ 5 कारीगर गिरफ्तार
मुंगेर। बिहार में अपराध और अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंगेर पुलिस और STF को बड़ी सफलता मिली है। जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के झरकहवा दियारा इलाके में रातभर चली संयुक्त छापेमारी में एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।
सूत्रों के अनुसार, STF और स्थानीय पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झरकहवा दियारा क्षेत्र में अवैध रूप से हथियार बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाते हुए इलाके की घेराबंदी की और मिनी गन फैक्ट्री पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके से 5 कारीगरों को गिरफ्तार किया गया, जो हथियार निर्माण में सक्रिय रूप से लगे हुए थे। पुलिस ने फैक्ट्री से 2 निर्मित पिस्टल, 12 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 6 कारतूस, 16 मैगज़ीन, और हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ जारी है, ताकि इस अवैध हथियार निर्माण गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन का खुलासा किया जा सके।
मुंगेर लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण का गढ़ माना जाता रहा है, और STF द्वारा की गई यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।