सहरसा मंडल कारा में बंद विचाराधीन बंदी ने लगाई फांसी, जांच में जुटा प्रशासन
सहरसा। जिले के मंडल कारा सहरसा में गुरुवार को एक विचाराधीन बंदी की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मो. इरशाद (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की है। बंदी का शव जेल परिसर स्थित ट्रेनिंग हॉल में रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
जेल अधीक्षक निरंजन कुमार ने बताया कि बंदी मो. इरशाद कुछ समय से विचाराधीन अवस्था में जेल में बंद था। घटना के बाद जेल परिसर में मजिस्ट्रेट और पुलिस टीम पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेजा गया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि क्या किसी प्रकार का मानसिक दबाव या विवाद इस कदम के पीछे था।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, वहीं जेल प्रशासन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
.jpeg) 
 
 
 
 
 
 
 
 
