Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: पति पर हत्या का आरोप, भाभी से अवैध संबंध की चर्चा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 16, 2025

मधेपुरा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: पति पर हत्या का आरोप, भाभी से अवैध संबंध की चर्चा

मधेपुरा के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जजहट सबैला वार्ड-11 में बुधवार की रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पवन मुखिया की पत्नी सीता देवी (21) के रूप में की गई है। घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर बताया कि सीता को सांप ने काट लिया है। हालांकि जब मायके वाले पहुंचे, तो उन्हें घटनास्थल पर स्थिति संदिग्ध लगी।

मृतका के परिजन सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के देवीपट्टी बथनाहा से गुरुवार सुबह पांच बजे जजहट सबैला पहुंचे।

गला में फंदा लगाकर की गई हत्या- चाचा अरविंद मुखिया

चाचा अरविंद मुखिया ने आरोप लगाया कि सीता की हत्या गला में फंदा लगाकर की गई है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल में सीता के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था। छह महीने पहले उसकी शादी पवन मुखिया से हुई थी, लेकिन तब से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

भाभी के साथ अवैध संबंध था- परिजनों का आरोप

परिजनों का आरोप है कि पवन मुखिया का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसके कारण घर में आए दिन विवाद होता था। इसी विवाद को लेकर बुधवार की रात पति समेत घर के अन्य सदस्यों ने मिलकर रस्सी से फंदा लगाकर सीता की हत्या कर दी और बाद में झूठा बहाना बनाकर कहा कि उसे सांप ने काट लिया है।

दहेज में 5 लाख रुपए नगद

मृतका के चाचा ने बताया कि शादी के समय दहेज में 5 लाख रुपए नगद, एक बाइक और अन्य घरेलू सामान दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार और पैसे की मांग करता था। जब मांग पूरी नहीं की गई, तो बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा।

घटना की जानकारी मिलते ही सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लिया है।