सहरसा जंक्शन पर गश्त के दौरान युवक गिरफ्तार, 95 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद
सहरसा. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सहरसा जंक्शन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है। मंगलवार को गश्त के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पकड़ने के बाद यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सहरसा आरपीएफ पोस्ट कमांडर धनंजय कुमार, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर महेश कुमार सिंह, सुनील कुमार, आरक्षी साहेब कुमार, उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अविनाश कुमार और जीआरपी प्रभारी अपने स्टाफ के साथ प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक कंधे पर पिट्टू बैग लिए प्लेटफॉर्म संख्या 3 के उत्तरी छोर पर संदिग्ध स्थिति में घूमता दिखाई दिया।
संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना नाम विकास कुमार, पिता बैजनाथ भारती, निवासी विशनपुर वार्ड 06, थाना बिहरा, जिला सहरसा बताया। जब अधिकारियों ने बैग खोलने के लिए कहा तो वह आनाकानी करने लगा। बैग की जांच करने पर उसमें से 95 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप (प्रत्येक 100 मिलीलीटर) बरामद हुई। प्रत्येक बोतल की अनुमानित कीमत ₹175 बताई गई।
आबकारी विभाग के सहायक अवर निरीक्षक ने सभी बोतलों को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई आरपीएफ और उत्पाद विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।
रेल महाप्रबंधक करेंगे सहरसा जंक्शन का निरीक्षण
इधर, पूर्व मध्य रेलवे के रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह शुक्रवार को सहरसा जंक्शन का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित मुख्यालय और डिवीजन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। रेल अधिकारियों के अनुसार, जीएम का सहरसा पहुंचने का समय “ओपन टाइम” रखा गया है।