Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR ELECTION:बिहार चुनाव में गोलियों की एंट्री, जन सुराज के नेता की हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 30, 2025

BIHAR ELECTION:बिहार चुनाव में गोलियों की एंट्री, जन सुराज के नेता की हत्या

 

बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को जन सुराज पार्टी के नेता दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह हमला उस समय हुआ जब वे जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के साथ बसावनचक गांव में चुनाव प्रचार कर रहे थे.

हमलावरों ने पहले दुलारचंद यादव पर फायरिंग की, उसके बाद उन्हें गाड़ी से कुचल दिया. उनके पैर पर टायर के निशान हैं. उनकी गाड़ी पर भी कई गोलियों के निशान हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.

स्थिति कंट्रोल करने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए. पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया है. दुलारचंद यादव के परिजनों ने इस हत्या के पीछे मोकामा के बाहुबली और जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह का नाम लिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया है और पूरी छानबीन की जा रही है.

मोकामा इस वजह से चर्चा में

इस बार का मोकामा विधानसभा क्षेत्र बिहार चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में से एक बन गया है. यहां एनडीए के उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह, जो पहले भी विधायक रह चुके हैं. इस बार जेडीयू के टिकट पर मैदान में हैं. महागठबंधन ने बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को आरजेडी उम्मीदवार के रूप में उतारा है. इन दोनों के अलावा जन सुराज पार्टी के पीयूष प्रियदर्शी भी चुनावी जंग में शामिल हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है