Kosi Live-कोशी लाइव आसमान से बरसी मौत; ठनका से जहानाबाद में 3, बेतिया में 2, खगड़िया में लड़की की जान गई, 13 झुलसे - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 4, 2025

आसमान से बरसी मौत; ठनका से जहानाबाद में 3, बेतिया में 2, खगड़िया में लड़की की जान गई, 13 झुलसे

बिहार में बेमौसम बरसात जानलेवा हो गई है। अक्टूबर में मानसून जैसी बारिश ने न सिर्फ जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है बल्कि, वज्रपात से मौत की भी खबर है। शनिवार को बेतिया में दादी, पोती की मौत हो गई। मुजफ्फरपुर और खगड़िया में एक एक लड़की की मौत हो गई। वहीं खगड़िया में तीन लोगों पर वज्रपात मौत बनकर टूटा। एक दर्जन लोग ठनका की चपेट में आकर झुलस गए।

खगड़िया नगर थाना और रतनी प्रखंड के शकुराबाद थाना क्षेत्र के तीन स्थानों पर शनिवार को अपराहन करीब सबा तीन बजे वज्रपात (ठनका) होने से तीन लोगों की जान चली गई। इस प्राकृतिक आपदा में 13 लोग घायल हो गए। मृतकों में एक महिला, एक किशोर और एक वृद्ध शामिल हैं। घटना से मृतकों और घायलों के परिवार में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ लग गयी। घायलों में सात लोगों का इलाज रतनी स्थित अस्पताल में किया गया।


मृतकों में नगर थाना के लालसे विगहा गांव की निवासी देवंती देवी (45 वर्ष) के अलावा रतनी प्रखंड ( शकुराबाद) के उत्तरापट्टी गांव के 14 वर्षीय किशोर सूरज बिंद और इसी गांव के 52 वर्षीय सीताराम बिंद शामिल हैं। तीनों शवों का सदर अस्पताल में देर शाम तक पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही थी। घायलों में एक महिला लालसे विगहा की निवासी हैं। इनके अलावा शहर के बड़ी संगत मोहल्ला के निवासी दो युवक और रतनी के उत्तरापट्टी गांव के 10 लोग शामिल हैं।


घटना के संबंध में बताया गया है कि लालसे विगहा निवासी दो गोतनी अपने घर के समीप ही खेत में धान की फसल को देखने गईं थीं। बारिश शुरू हो गयी। जोरदार बिजली कड़क रही थी। उसी दौरान दोनो पर वज्रपात हो गया जिसमें एक देवंती देवी की जान चली गई और उनकी गोतनी नागमणि देवी घायल हो गईं। लालसे विगहा से थोड़ी ही दूरी पर जहानाबाद एसएस कॉलेज - धनगावां के आसपास ठनका गिरने से शहर के बड़ी संगत मोहल्ला के निवासी युवक सनी कुमार और श्रवण कुमार घायल हो गए। ये दोनों श्री दुर्गा पूजा समिति के सदस्य हैं जो मूर्ति विसर्जन कर अपने घर लौट रहे थे।


रतनी प्रखंड (शकुराबाद)के उत्तरा पट्टी गांव के निवासी शंकर बिंद, पवन बिंद, झलकदेव बिंद, मीतू पासवान, विनय कुमार , मल्लू बिंद, रामजी बिंद , रविन्द्र बिंद, रवि बिंद और नरेश बिंद के अलावे इसी गांव के सूरज बिंद और सीताराम बिंद गांव के निकट हीं एक बर के पेड़ के नीचे थे। उस क्रम में पेड़ पर ठनका गिरा जिसमे सीताराम बिंद और सूरज बिंद की मौत हो गयी और ऊक्त दस लोग घायल हो गए। इस घटना से अफरा तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग पेड़ के नीचे पहुंचे और सभी लोगों को इलाज के लिए रतनी अस्पताल और जहानाबाद सदर अस्पताल में लाया गया, लेकिन गंभीर हालत रहने की वजह से जहानाबाद आते-आते दो लोगों ने दम तोड़ दिया।