Madhepura Child Kidnapping Case: बिहार की मधेपुरा पुलिस ने 2 वर्षीय बच्चे के अपरहरण केस में बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने 20 घंटे के अंदर बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए 3 अपरहरणकर्ताओं को भी धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है. आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए चार चक्का वाहन को भी जब्त कर लिया है. जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2025 को आलमनगर थाना क्षेत्र के भागीपुर गांव से एक 2 वर्षीय बच्चे के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली थी. आलमनगर थाने में कांड संख्या के तहत 282/2025 मामला दर्ज किया गया. मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक टीम का गठन किया.
आलमनगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की सीसीटीवी फुटेज निकाले और बच्चे की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की. पुलिस की सक्रियता से अपराधियों को छिपने या भागने का मौका नहीं मिला. पुलिस की तत्परता से अपहृत बच्चे को पूर्णिया से सकुशल बरामद कर लिया गया. वहीं, पुलिस ने अपहरण में शामिल तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इस मामले को लेकर स्थानीय पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बधाई दी. एसपी डॉक्टर संदीप सिंह ने बताया कि तत्काल अपहृत बच्चे को बरामद कर तीन आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. साथ हीं अन्य आरोपी पुलिस के रडार पर हैं. बहुत जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, बच्चे के परिजनों को रविवार (07 सितंबर) की रात लगभग 12 बजे एक फोन आया, जिसमें अपरहकर्ताओं ने 7 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. कॉल आने के बाद परिवार की सांसें थम गईं. मासूम की सलामती की चिंता ने सभी को बेसुध कर दिया. पीड़ित परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और पुलिस ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी. एसपी संदीप सिंह ने घटना की सूचना मिलते ही तीन विशेष टीमों का गठन किया. इस टीम ने 20 घंटे के अंदर ही बच्चे को उसके मां-बाप से मिला दिया.