नई दिल्ली: एशिया कप में रविवार रात भारत की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा! पहले साहिबजादा फरहान का गन-स्टाइल सेलिब्रेशन… उसके बाद बाउंड्री पर फील्डिंग के दौरान हारिस रऊफ के घटिया इशारों से मामला गर्म था. अब इस धधकते विवाद पर हारिस रऊफ की बीवी ने घी डालने का काम किया है.
आप सब तो ये जानते ही होंगे कि भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान बाउंड्री पर फील्डिंग करते वक्त हारिस रऊफ कैसे इंडियन फैंस की ओर ‘6-0’ का इशारा कर रहे थे. उस वायरल वीडियो में हारिस रऊफ ‘विमान गिरने का इशारा’ भी करते देखे गए थे, जिससे दर्शक भड़क उठे थे.
रऊफ के सामने दर्शक ‘कोहली-कोहली’ के नारे लगाते रहे. जानकारों का कहना है कि रऊफ इशारे से ये कहना चाह रहा था कि कैसे ऑपरेशन सिंदूर के बाद सैन्य संघर्ष के दौरान छह भारतीय लड़ाकू विमानों को पाकिस्तानी आर्मी ने मार गिराया था.
अब हारिस रऊफ की पत्नी मुजना मसूद मलिक ने इंस्टाग्राम पर अपने पति की एक तस्वीर स्टोरी पर शेयर की और कैप्शन में लिखा- “मैच हार गए, लेकिन जंग जीत गए.” हालांकि विवाद बढ़ता देख उन्होंने इसे डिलिट भी कर दिया गया.

हारिस रऊफ
मैच के दौरान रऊफ की अभिषेक शर्मा के साथ बाउंड्री लगने के बाद बहस भी हुई. मैदान पर तनाव बढ़ गया और अभिषेक ने मैच के बाद कहा कि पाकिस्तानी गेंदबाज ‘बिना किसी वजह’ के भारतीय बल्लेबाजों को उकसाने की कोशिश कर रहे थे.
मुजना मसूद मलिक के पास फैशन डिजाइनिंग की डिग्री है. वह मॉडल, इन्फ्लूएंसर और टिकटॉक स्टार है. इंस्टाग्राम पर मुजना के 50 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. दिसंबर 2022 में पारंपरिक तरीके से उनका हारिस रऊफ के साथ निकाह हुआ. अब भारत में रऊफ की बीवी की पोस्ट पर जमकर रिएक्शन आ रहे हैं. कुछ यूजर्स तो ये भी कहने से नहीं चूक रहे कि पूरा परिवार ही आतंकी सपोर्टर है.