Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/पूर्णिया में पारिवारिक विवाद में सगी बहन को भाई ने मार डाला, दो गोली मारकर हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 9, 2025

BIHAR/पूर्णिया में पारिवारिक विवाद में सगी बहन को भाई ने मार डाला, दो गोली मारकर हत्या

बिहार के पूर्णिया जिले में पारिवारिक विवाद में भाई ने अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी है। भाई के उठाए अचानक इस कदम से परिवार वालों सहित आसपास के लोग सन्न हैं। परिजन मामले में कुछ भी बताने से फिलहाल परहेज कर रहे हैं। घटना शहर के मधुबनी थाना के मधुबनी बाजार में सोमवार शाम करीब नौ बजे की है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय छोटी कुमारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि युवती अपने परिजनों के साथ बात कर रही थी कि उसका बड़ा भाई अचानक आया और उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली युवती की बांह और पेट में जा लगी। गोली मारकर आरोपी युवक भाग निकला। आनन- फानन में परिजन युवती को जीएमसीएच ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मधुबनी थाना पुलिस को दी गई।

दल- बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच मधुबनी थाना पुलिस मृतका के घर पर कैंप किए हुए हैं। मधुबनी थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि गोली मारने का आरोप युवती के भाई पर है। अभी वह फरार है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना को लेकर कारणों का खुलासा हो सकेगा।