सहरसा के महिषी थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए कोसी नदी में छलांग लगा दी। सोमवार की देर शाम की घटना में सुपौल के परसरमा सिमरा निवासी भगवान शंकर शर्मा अपनी पत्नी काजल कुमारी को विदाई करवाकर अपने गांव जा रहे थे।
दरअसल, महिषी थाना क्षेत्र मे बलुआहा पुल पर पहुंचते ही काजल (19) ने पति की बाइक को रोकने को कहा और गाड़ी से उतर कर अचानक नदी में कूद गई। पत्नी को बचाने के लिए भगवान शंकर भी तुरंत कोसी नदी में कूद गए। कोसी की तेज धारा में कुछ दूर तक बहने के बाद उन्होंने पत्नी को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया। जंहा स्थानीय लोगो ने देखा तो नाविक ने दोनों को बाहर किनारे पहुंचाया। इसके बाद लोगो की भीड़ इकट्ठा हो गयी।

तत्काल ले जाया गया महिषी अस्पताल
सूचना मिलते ही महिषी थानाध्यक्ष जय शंकर कुमार और अपर थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। दंपति को तत्काल महिषी अस्पताल ले जाया गया। काजल की हालत पहले नाजुक थी, लेकिन अब उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बहरहाल नदी मे छलांग किस वजह से लगे या अब तक पता नहीं चल सका है।