Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime: मधेपुरा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, ससुराल आया था पत्नी को विदा कराने; जानें - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 20, 2025

Bihar Crime: मधेपुरा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, ससुराल आया था पत्नी को विदा कराने; जानें

मधेपुरा में रविवार दोपहर आम के बगीचे में एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना घैलाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर पंचायत के वार्ड-9 से सामने आई है। मृतक की पहचान सहरसा के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नसरत चकला वार्ड-12 निवासी विनोद मलिक (30) के रूप में हुई है।

Loading advertisement...
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, युवक की गर्दन गमछे से आम के पेड़ की टहनी से बंधी थी जबकि उसके दोनों घुटने जमीन से सटे हुए थे। इस वजह से मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शव मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

सूचना मिलते ही घैलाढ़ ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

पत्नी को विदा कराने आया, हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद मलिक चार दिन पहले अपनी पत्नी और बच्चे को ससुराल श्रीनगर गांव से विदा कराने आया था। कुछ दिन पहले पत्नी साजन कुमारी ने उस पर मारपीट का आरोप लगाया था। उसके बाद पंचायत के हस्तक्षेप से दोनों में समझौता हुआ था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर से विवाद हुआ और पत्नी वापस मायके चली गई।

रविवार की सुबह विनोद गांव के कुछ लोगों से पत्नी और बच्चे को साथ ले जाने की बात कर रहा था, लेकिन पत्नी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद विनोद घर लौटने की बात कहकर चला गया। शाम करीब 4 बजे उसका शव आम के पेड़ से लटका मिला।

ससुराल पक्ष के लोग फरार

घटना के बाद से मृतक की पत्नी सहित ससुराल पक्ष के सभी लोग गांव से फरार हैं। खबर लिखे जाने तक मृतक के माता-पिता मौके पर नहीं पहुंचे थे।

घैलाढ़ थाना अध्यक्ष अवधेश प्रसाद ने बताया कि, "मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत का सही कारण साफ हो पाएगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।