जहानाबाद। जहानाबाद पुलिस लाइन में रविवार को बिहार पुलिस (Bihar Police) के एक जवान ने खुद को गोली मार ली। जवान की मौके पर ही मौत हो गई। जवान विनोद चौधरी गया जिले के परईया गांव के निवासी थे।
जवान ने खुद को गोली क्यों मारी इसकी जांच चल रही है।
पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर जवान के स्वजन भी पहुंच गए, जिन्हें भी अंदर जाने से रोक दिया गया। जवान को एक पुत्र व तीन बेटियां हैं।
1 महीने पहले हुई थी पत्नी की मौत
एक माह पूर्व पत्नी की भी मौत बीमारी के कारण हो गई थी, तभी से जवान तनाव में जी रहे थे। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने पुलिस लाइन पहुंचकर जवानों से घटना की जानकारी ली।
एसडीओपी राजीव सिंह ने बताया कि जवान दस दिन पहले ही अपनी पत्नी का दाह संस्कार व श्राद्ध कर वापस ड्यूटी पर आया था। जवान की ड्यूटी कोर्ट में थी। पुलिस लाइन में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से ही खुद को गोली मार ली।