Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:BPSC अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाया, थर्ड डिग्री देकर घूस लेने का आरोप; महिला दारोगा सस्पेंड - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 20, 2026

SAHARSA:BPSC अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाया, थर्ड डिग्री देकर घूस लेने का आरोप; महिला दारोगा सस्पेंड

बीपीएससी अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाया, थर्ड डिग्री देकर घूस लेने का आरोप; महिला दारोगा सस्पेंड
सहरसा: जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर पर बीपीएससी अभ्यर्थी को आधी रात घर से उठाकर थाने ले जाने, मारपीट करने और रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सहरसा एसपी हिमांशु ने आरोपी महिला दारोगा शिल्पी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर को सौंपी गई है।
आधी रात घर से उठाकर थाने ले जाने का आरोप
घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव वार्ड संख्या-3 की बताई जा रही है। पीड़ित प्रवेश कुमार पटना में रहकर बीपीएससी की तैयारी करता है। उसके पिता परमानंद साह ने कोसी रेंज डीआईजी और सहरसा एसपी को आवेदन देकर आरोप लगाया कि 16 मई की रात करीब 12:30 बजे महिला एसआई शिल्पी कुमारी पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचीं और बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके बेटे को जबरन उठाकर बलवाहाट थाना ले गईं।
युवक को छोड़ने के बदले मांगे 50 हजार रुपये
परिजनों का आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद युवक को छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की गई। गरीब परिवार ने किसी तरह कर्ज लेकर 10 हजार रुपये की व्यवस्था की, जिसके बाद प्रवेश कुमार को छोड़ा गया।
परिवार का आरोप है कि थाने में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान उभर आए। हालत बिगड़ने पर उसे अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष बोले- मुझे जानकारी नहीं थी
इस मामले में बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार ने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक के खिलाफ थाने में कोई मामला भी दर्ज नहीं है।
एसपी ने कहा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सहरसा एसपी हिमांशु ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला बेहद गंभीर प्रतीत होता है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए महिला दारोगा को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।