मधेपुरा पुलिस फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। इसी के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अरार थाना की पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी फरार बदमाश रौशन कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी मंगलवार की शाम एसपी कार्यालय से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई।
बताया गया कि 12 मई की रात में अरार थानाध्यक्ष विकास कुमार को गुप्त सूचना मिली कि भर्राही बाजार वार्ड-13 निवासी इनामी बदमाश रौशन कुमार अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम में अरार थानाध्यक्ष विकास कुमार, धीरज कुमार, सशस्त्र बल एवं तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त अपराधी को उसके आवास से विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाश रौशन कुमार पर ग्वालपाड़ा थाना में दो तथा भर्राही थाना में एक केस दर्ज है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। 3 सितंबर 2024 को अरार नहर पर हुई एक बाइक लूटकांड में भी वह शामिल था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, इसके बाद जेल भेज दिया गया।