Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:फर्जी सर्टिफिकेट रैकेट का खुलासा: बालिग अपराधियों को नाबालिग बनाने वाले 3 शिक्षक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 20, 2026

BIHAR:फर्जी सर्टिफिकेट रैकेट का खुलासा: बालिग अपराधियों को नाबालिग बनाने वाले 3 शिक्षक गिरफ्तार

मोतिहारी में फर्जी सर्टिफिकेट रैकेट का खुलासा: बालिग अपराधियों को नाबालिग बनाने वाले 3 शिक्षक गिरफ्तार
मोतिहारी में जेल में बंद अपराधियों को नाबालिग साबित कर कानून का फायदा दिलाने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शिक्षकों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र बनाकर बालिग अपराधियों की उम्र कम दिखाने का खेल कर रहे थे।
मामला चिरैया थाना कांड संख्या-126/22 के अभियुक्त भोला कुमार उर्फ भोला साह से जुड़ा है। आरोपी को नाबालिग साबित करने के लिए फर्जी स्कूल प्रमाणपत्र तैयार कर किशोर न्याय परिषद, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद परिषद ने नगर थाना में आवेदन दिया, जिसके आधार पर कांड संख्या-453/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तीन शिक्षकों ने मिलकर रची थी साजिश
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में हुई जांच में सामने आया कि परेवा निवासी सरकारी शिक्षक सुबोध कुमार पाठक, एक अन्य शिक्षक भोला कुमार और एक सरकारी शिक्षिका ने मिलकर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी स्कूल सर्टिफिकेट तैयार कर अभियुक्त की उम्र कम दर्शाई, ताकि उसे किशोर न्याय अधिनियम का लाभ मिल सके और जेल की जगह रिमांड होम भेजा जा सके।
छापेमारी कर तीनों गिरफ्तार
मामले की पुष्टि होने के बाद नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है और इसमें कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
पुलिस अब पूरे गिरोह की गहन जांच में जुटी है। साथ ही ऐसे अन्य मामलों की भी समीक्षा की जा रही है, जिनमें फर्जी दस्तावेजों के जरिए आरोपियों को नाबालिग दिखाने की कोशिश की गई हो।