सहरसा मे अब उड़ान योजना से हवाई सेवा और शहर मे जलजमाव से लेकर कई महत्वपूर्ण समस्याओं को समाधान निकाला जायेगा। पूर्व मंत्री सह सहरसा भाजपा विधायक डॉ आलोक रंजन और जदयू महिषी विधायक गुंजेश्वरी साह ने गुरुवार के शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में इन तमाम मुद्दों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
सीएम ने आश्वासन दिया है कि इन तमाम समस्याओं का समाधान अगले कैबिनेट मीटिंग मे पूरा कर लिया जायेगा। भाजपा विधायक डॉक्टर आलोक रंजन ने कहा कि सहरसा के तिलावे नदी का उड़ाही किया जायेगा। इससे नदी के जलस्तर में न केवल सुधार होगा, बल्कि भू-जल स्तर बढ़ेगा।
साथ ही शहर की जल निकासी में सहूलियत होगी। सहरसा नगर निगम क्षेत्र में स्टार्मवॉटर ड्रेनेज सिस्टम का विकास किया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्र में जल निकासी की सुविधा मिलेगी। बरसात के दिनों में लोगों को जल-जमाव की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
मां उग्रतारा धाम पर्यटन केन्द्र के रूप में होगा विकसित
महिषी विधानसभा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध मां उग्रतारा धाम क्षेत्र को पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। इससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का विकास होगा।
जिला मुख्यालय में प्रमंडल स्तरीय खेल परिसर का विकास किया जायेगा। जिससे इलाके के खिलाड़ियों को खेल के प्रति बढ़ावा मिलेगा। सहरसा शहर में बंगाली बाजार रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जायेगा। इससे लोगों को काफी सुविधा होगी। साथ ही महा जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
जल-जमाव की समस्या होगा खत्म
जिले के सत्तर कटैया प्रखंड के औकाही गांव से चैनपुर के रास्ते कोपरिया तक वाटर चैनल की उड़ाही किया जायेगा। इससे जल-जमाव की समस्या खत्म हो जायेगी। जिले में बनमा इटहरी और सत्तरकटैया प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा।
शहर में वर्तमान हवाई अड्डे पर छोटे विमानों के संचालन के लिए उड़ान योजना में इसे सम्मिलित करने के लिए केन्द्र सरकार से अनुरोध किया जायेगा। ताकि सहरसा हवाई सेवा शुरू किया जा सके।
