पूर्णिया। पूर्णिया पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। कंटेनर में भरकर शराब ले जाई जा रही थी। डगरूआ पुलिस ने शराब लदे वाहन को जब्त कर लिया है। जब्त शराब की पुलिस अभी गिनती कर रही है।
एक पखवाड़े के अंदर पूर्णिया पुलिस ने शराब तस्करों को तीसरा बड़ा झटका दिया है। पहले पांच-पांच हजार लीटर शराब की दो बड़ी खेप पकड़ने के बाद पुलिस ने गुरुवार को फिर 3707 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक ट्रक कंटेनर को पकड़ा।
ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
शराब की बड़ी खेप आने की सूचना पर डगरुआ थाना क्षेत्र में एन एच 31 पर बैरिकेडिंग कर जांच की। इस दौरान यह कंटेनर पकड़ा गया। पुलिस ने ट्रक कंटेनर के चालक सह वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के सुहाई गांव निवासी अशोक राय के पुत्र पवन कुमार को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने डगरुआ थाना में पत्रकारों को बताया कि डगरुआ थाना को यह सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल की ओर से शराब की बड़ी खेप नवगछिया की ओर जा रही है।इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक द्वारा बायसी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तत्काल एन एच 31 पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरु कर दी।
कंटेनर में पुलिस को मिला तहखाना
इसी क्रम में पश्चिम बंगाल नंबर की एक पेट्रोल ट्रक कंटेनर की भी जांच शुरु की गई। ट्रक कंटेनर में पुलिस को तहखाना बना नजर आया। इस पर तत्काल उसकी जांच शुरु की गई। जांच में तहखाने से 3707 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया।पुलिस ने तत्काल चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में चालक ने पश्चिम बंगाल में अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रक कंटेनर सौंपे जाने व इसे नवगछिया पहुंचाने की बात बताई है। नवगछिया में किस व्यक्ति को ट्रक कंटेनर सौंपना था, यह भी उसे पता नहीं था।
