सहरसा के हटिया गाछी इलाके में एक महिला की मौत हो गई है। एक बेटे ने अपने पिता पर मर्डर का आरोप लगाया है। बेटे का कहना है कि उसके पिता ने उसकी 60 साल की मां सुलोचना देवी को जिंदा जलाकर मार डाला। आरोप है कि हत्या की वजह संपत्ति विवाद है।
घटना से आक्रोशित बेटे ने शव को रिक्शे पर रखकर सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मृतका की पहचान 60 साल की सुलोचना देवी, पति रमेश साह के रूप में हुई है। ये सदर थाना क्षेत्र के हटियागाछी निवासी है। मृतका के बेटे मुन्ना साह का कहना है कि उसके पिता रमेश साह ने दो शादियां की हैं और संपत्ति विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया है।
पिता ने मां की जलने की बात छिपाई
मुन्ना ने बताया कि 14 जनवरी को उसके पिता सुलोचना देवी को शिवपुरी मुहल्ला ले गए थे, जहां आग में जलाने की घटना हुई। लेकिन इस बात को पिता ने छिपाए रखा और गुरुवार को अचानक फोन पर सूचना दी कि उसकी मां की आग में झुलसने से मौत हो गई।
मुन्ना ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसने कई बार पुलिस को डायल-112 पर सूचना दी। लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस कारण उसने मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू किया। सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने प्रदर्शनकारी को कराया शांत
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। मृतका के बेटे ने मांग की है कि उसके पिता रमेश साह पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने मामले पुलिसिया कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला को शांत कर दिया। उन्होंने कहा कि आवेदन के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
