Kosi Live-कोशी लाइव Madhepura: गंदा वीडियो वायरल होने के अगले दिन मरने वाली युवती का शव कब्र से निकलेगा; छेड़ने वाले पकड़ से दूर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, January 28, 2025

Madhepura: गंदा वीडियो वायरल होने के अगले दिन मरने वाली युवती का शव कब्र से निकलेगा; छेड़ने वाले पकड़ से दूर

वीडियो वायरल होने के अगले दिन युवती की मौत हुई थी। अब उसके घर फॉरेंसिक टीम ने जांच की



मधेपुरा में सड़क पर चाचा के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखी गई युवती से चार लड़कों ने जमकर छेड़खानी की थी। उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। पुलिस इस मामले में सिर्फ एक ही एंगल लेकर चल रही थी कि उसका उसके चाचा के साथ गलत रिश्ता था।कोशी लाइव द्वारा सोमवार को दोपहर बाद यह खबर सामने लाते हुए वीडियो वायरल होने के अगले दिन उसकी संदेहास्पद मौत और उसे छेड़ते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने वालों को लेकर सवाल उठाया था। उसके बाद मधेपुरा एसपी ने रात में युवती के गांव पहुंचकर पूछताछ की और अब मंगलवार को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की टीम ने छेड़खानी वाली जगह, युवती के घर, उसके कपड़ों और मौत वाले कथित हादसे की जगह पर भौतिक जांच कर नमूने जुटाए। अब जिस हद तक मौत पर संदेहास्पद बयान आ रहा है, कब्र से लाश निकाले जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


चाचा गिरफ्तार, छेड़खानी कर वीडियो वायरल करने वाले नहीं

मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र के वीडियो वायरल मामले में सोमवार की रात एसपी संदीप सिंह एवं मंगलवार को एफएसएल की टीम ने गहन पड़ताल की। सोमवार की रात एसपी ने उसके गांव पहुंचकर दो घंटे तक घटना की बारीकी से जांच की। मृत युवती के उस चाचा को गिरफ्तार किया गया, जिसके साथ वह कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखी गई थी। मंगलवार को एएसपी प्रवेंद्र भारती और एफएसएल टीम ने लड़की के घर पहुंचकर परिजनों से बात की। उसके बाद सभी कपड़े, कागजात और रूम, पंखा, चापाकल आदि की जांच की गई। पुलिस ने उसके चाचा को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन जिन चारों ने चाचा-भतीजी को कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देखा था- वह पकड़ से दूर हैं।



मौत की जगह अलग, कारण भी अलग बता रहे अब

वीडियो वायरल होने के अगले दिन युवती की मौत को भी पुलिस संदेहास्पद तरीके देख रही थी, लेकिन अपने स्तर से कुछ नहीं कर रही थी। 25 जनवरी को वायरल हुए वीडियो और 26 जनवरी को संदेहास्पद मौत के बाद भी 27 जनवरी को दोपहर तक संदेहास्पद मौत को लेकर कोई प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई। अब पुलिस ने सही तरीके से पूछताछ शुरू की तो परिजन मौत का अलग-अलग कारण बता रहे। लड़की की मां कभी कहती है आंगन में गिरने से मौत हो गई तो कभी चापाकल के पास गिरने की बात कह रही है। दादा का कहना है कि दरवाजे पर गिरने से मौत हुई है। अंदाज पर हार्ट अटैक तो कभी चोट से मौत की बात तक कही जा रही है। छोटी बहन ने आंगन के चापाकल पर गिरने से मौत की बात कही। ऐसे में फॉरेंसिक टीम ने हर ऐसी जगह का सैंपल लेकर जांच की है। मिट्टी को भी खोदकर कुछ सामान निकाले गए।। युवती के अब्बा विदेश में रहते हैं, बाकी सभी परिजनों से पुलिस ने पूछताछ के बाद लड़की का मोबाइल जब्त कर लिया है। अब संभव है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार और शव के पोस्टमार्टम के बाद मौत से जुड़ी प्राथमिकी दर्ज की जाए।

परिवार ने शिकायत नहीं की, पंचायत हुई; अब भी एक ही प्राथमिकी

25 जनवरी को सड़क पर छेड़खानी की घटना हुई और 26 जनवरी को लड़की की मौत हो गई। मामले को दबाने के लिए 26 और 27 जनवरी को गुपचुप तरीके से अलग-अलग जगह पंचायत भी हुई थी। गांव की कुछ महिलाओं ने पुलिस को बताया है कि चाचा और भतीजी के बीच बहुत पूर्व से संबंध चल रहा था, हालांकि परिजन इस बात को इनकार कर रहे। इसके बावजूद पुलिस ने लड़की के चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य को भी हिरासत में लिया गया है, लेकिन वह उन चारों में से कोई है या नहीं- पुलिस नहीं बता रही। एफएसएल के टीम ने आगे कब्रिस्तान से डेड बाॅडी निकालकर पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही है। कब्रिस्तान पर तीन चौकीदारों को प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर शंकरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती के चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो में दिख रहे अन्य लड़कों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।