Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR में 8वीं तक की छुट्टी दो दिन और बढ़ी, अब 25 जनवरी तक स्कूल बंद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, January 23, 2025

BIHAR में 8वीं तक की छुट्टी दो दिन और बढ़ी, अब 25 जनवरी तक स्कूल बंद


बिहार के पटना जिले में ठंड के चलते स्कूलों में छोटी कक्षाओं की छुट्टी दो दिन और बढ़ा दी गई है। जिले में 8वीं तक के स्कूल अब शनिवार 25 जनवरी तक बंद रहेंगे। डीएम चंद्रशेखर सिंह ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अत्यधिक ठंड की वजह से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यह आदेश जिले के सरकारी और निजी, दोनों तरह के विद्यालयों पर लागू रहेगा।

इससे पहले 21 जनवरी को भी डीएम ने आदेश जारी किया था, जिसमें स्कूल में कक्षा 8 तक शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर रोक की अवधि को 23 जनवरी तक बढ़ाया गया था। पटना में लोगों को ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिल पाई है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की वजह से हादसे की आशंका भी बनी रहती है। इसे देखते हुए फिलहाल स्कूल नहीं खोले जा रहे हैं।

बता दें कि पटना में शीतलहर एवं ठंड की स्थिति के चलते बीते 5 जनवरी से 8वीं तक की कक्षाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर रोक है। डीएम द्वारा समय-समय पर इस संबंध में आदेश जारी कर, इसकी अवधि बढ़ाई गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार स्कूलों में कक्षा 9 से ऊपर की पढ़ाई सुचारू है। हालांकि, उनका समय सुबह 9 से दोपहर 3.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। सुबह 9 बजे से पहले क्लास चलाने पर पूरी तरह रोक है। हालांकि, बोर्ड परीक्षा संबंधित गतिविधियों को इस आदेश से बाहर रखा गया है।

पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे के भीतर बिहार में मोतिहारी सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय समेत सात जिलों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।