सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के सपटीयाही गांव में रहने वाली दो महिलाएं एक दिसंबर से लापता हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाएं अपने एक रिश्तेदार से मिलने नारायणी मेडिकल कॉलेज, बैजनाथपुर में आई थीं। जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है।
दोनों की पहचान बीबी सजदा और बीबी शकीला के रूप में हुई हैं। लापता महिलाओं के परिजनों ने गुरुवार को सदर थाने में आवेदन देकर उनकी सकुशल बरामदगी और मामले की जांच की मांग की है।
एक व्यक्ति पर भगाकर ले जाने का लगाया आरोप
बीबी सजदा के पति मो. यूसुफ ने बताया कि उनकी पत्नी और भाई मो. अयूब की पत्नी बीबी शकीला पिछले कई दिनों से अस्पताल में खाना पहुंचा रही थीं। लेकिन एक दिसंबर को खाना लेकर जाने के बाद से दोनों घर नहीं लौटीं और उनके मोबाइल भी बंद आ रहे हैं।
परिजनों की पड़ताल में पता चला कि दोनों महिलाओं का किसी ब्रजेश इंजीनियर नामक व्यक्ति के साथ संपर्क थी और संभावना है कि वह उन्हें भगाकर ले गया है। ब्रजेश का मोबाइल भी बंद आ रहा है। बताया गया कि पहले दोनों महिलाएं महिंद्रा शोरूम में मजदूरी करती थीं, लेकिन परिजनों को उनके व्यवहार पर संदेह होने पर उन्होंने उन्हें काम छोड़ने को कहा था।
जांच में जुटी पुलिस
सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि परिजनों का आवेदन प्राप्त हो चुका है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं की छानबीन कर रही है और जल्द ही कार्रवाई की बात कही है। इस घटना ने स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजन लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि महिलाओं को जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाया जाए।