सहरसा नगर निगम के अम्बेडकर चौक के पास तेज रफ्तार में स्कार्पियो ने ई-रिक्शा में जबरदस्त टक्कर मार दी। चालक मौके से फरार हो गया। ई-रिक्शा पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें तीन महिला शामिल हैं। सभी घायल नगर निगम के सफाई कर्मी हैं। जो अपना काम निपटा कर वापस घर लौट रहे थे।
स्कॉर्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गयी और सभी घायल को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। जहां एक महिला सफाईकर्मी की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई हैं। जख्मी में किरण देवी (35), गायत्री देवी (34), सीमा देवी (35) और रामचंद्र मुखिया (36) शामिल है। सभी नगर निगम के वार्ड नंबर-35 रेलवे कॉलोनी के निवासी हैं।
सफाई करने के लिए घर से निकले थे सभी
जख्मी के परिजन ने बताया कि सोमवार को सभी सफाई कर्मी रोज की तरह नगर निगम के वार्ड नंबर-7 शाहपुर में सफाई के लिए घर से निकले थे। जहां सफाई कर्मी काम को निपटने के बाद वहां से ई-रिक्शा पकड़ कर वापस घर लौट रहे थे। लेकिन बीच रास्ते में अंबेडकर चौक के समीप एक तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो ने ई-रिक्शा में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा पलट गई और सवार चारों सफाई कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
