Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/फेरीवाले से लूटपाट मामले में 4 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, December 24, 2024

MADHEPURA/फेरीवाले से लूटपाट मामले में 4 गिरफ्तार


मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र के मानिकपुर चौक के पास 22 दिसंबर को एक कपड़ा (फेरी वाला) बेचने वाले से हुई छिनतई का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी बदमाश मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के रहुआ गांव का रहने वाला है।

जानकारी के मुताबिक सहरसा के महिषी थाना क्षेत्र के मो. काशिफ बाइक पर घूम-घूमकर कपड़ा बेचता है। 22 दिसंबर को मानिकपुर चौक पर तीन बदमाशों ने उसे रोक कर मोबाइल, रुपए एवं चांदी का चेन छीन लिया था। इस मामले में पीड़ित मो. काशिफ के लिखित आवेदन के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक टीम का गठन किया। गठित टीम में भर्राही थानाध्यक्ष अमरनाथ चौहान, दरोगा विनोद कुमार, राजीव कुमार एवं अन्य पुलिस पुलिसकर्मी को शामिल किया गया। गठित टीम द्वारा कांड का त्वरित गति से अनुसंधान प्रारंभ करते हुए साक्ष्य संकलन कर घटना करने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई।

इसी दौरान तकनीकी अनुसंधान कर सदर थाना क्षेत्र के रहुआ वार्ड तीन निवासी उपेंद्र यादव के बेटे विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करने पर अपने तीन अन्य साथी के साथ लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

उनकी निशानदेही पर रहुआ वार्ड निवासी दुर्गेश यादव के बेटे शिवांशु कुमार, रामदेव यादव के बेटे अमरेश कुमार और बिजेंद्र यादव के बेटे सरोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोबाइल एवं कपड़ा बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।