सहरसा-मानसी रेलखंड पर गौरगामा ढाला के पास ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के हटिया गाछी वार्ड नंबर 28 निवासी दिनेश पोद्दार के रूप में हुई। मृतक चार भाइयों में दूसरे स्थान पर थे और अपने परिवार के लिए होटल का संचालन करते थे। घटना शनिवार देर रात की है।
कीर्तन सुनकर घर लौट रहे थे
मृतक के बेटे प्रमोद कुमार पोद्दार ने बताया कि मेरे पिता गौरगामा गांव में कीर्तन सुनने के बाद सुबह करीब 5 बजे घर लौट रहे थे। अत्यधिक कुहासे के कारण सहरसा से पटना जा रही ट्रेन को नहीं देख सके और उसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में उनका दायां पैर कट गया और बायां पैर बुरी तरह से फैक्चर हो गया।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सिमरी बख्तियारपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी एंबुलेंस में मौत हो गई।
ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत
सलखुआ थाना के थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने कहा कि ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति जख़्मी हुआ और जख़्मी का इलाज के लिए सहरसा ले जाने के दौरान हुई है। सहरसा सदर थाने की पुलिस शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसके उपरांत शव परिजन को सौंप दिया जायेगा। सलखुआ थाने मे कांड दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
