मधेपुरा के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जजहट सबैला में 14 नवंबर की शाम भाजपा नेता के पिता रामनारायण साह की हत्या हुई थी। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हेड क्वार्टर डीएसपी मनोज मोहन ने बताया कि सिंहेश्वर थाना अंतर्गत जजहट सबैला चौक के पास अशोक साह के किराना दुकान के सामने जजहट सबैला वार्ड-11 निवासी रामनारायण साह उर्फ डोमी साह को बदमाशों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया था, जिसकी इलाज के क्रम में डीएमसीएच दरभंगा में मौत हो गई।
सिंहेश्वर थाना में 5 नामजद और 5-7 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई एवं अनुसंधान के क्रम में इस घटना में शामिल एक आरोपी जजहट सबैला वार्ड-11 निवासी शंभू साह को मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जीतापुर से गिरफ्तार किया गया। जिसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मृतक के पुत्र अभिषेक कुमार आनंद ने जमीन विवाद को लेकर हत्या करने का आवेदन सिंहेश्वर थाना में दिया है। अभी तक जांच में भी यही बात सामने आई है कि जमीन विवाद के कारण ही रामनारायण साह की हत्या हुई है। घटना के इस्तेमाल किए गए हथियार और बाइक की बरामदगी नहीं हुई है। इसके लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
