सहरसा में बुधवार की देर रात ट्रेन में सफर कर रहे यात्री के साथ दो बदमाशों ने छिनतई की। विरोध करने पर यात्री के साथ जमकर मारपीट की गई और गोली भी चलाई। मारपीट में यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे परिजन के द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया है। जख्मी यात्री का इलाज चल रहा है।
जख्मी यात्री का नाम रणवीर सदा है, जो खगड़िया के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत धमारा घाट वार्ड-2 का रहने वाला बताया जा रहा है। जख्मी रणवीर सादा ने बताया कि हम धमहारा घाट स्टेशन से पैसेंजर से जनहित ट्रेन पकड़ने सिमरीबख्तियारपुर आ रहे थे। कोपरिया स्टेशन पर वह ट्रेन तकरीबन आधा घंटा रुका हुआ था। उसके बाद जब कोशी एक्सप्रेस ट्रेन पास की और पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी मिली। उसी दौरान दो बदमाश ट्रेन में चढ़ा और मुझे अकेला पाकर मेरे पास आया और मोबाइल छिनतई करने लगा।
घायल बोला-गोली भी चलाई
जब इसका विरोध किया तो मुझ पर गोली चला दी, उसके बाद मारपीट कर जख्मी कर दिया। मोबाइल लेकर भाग गया। अभी मैं सदर अस्पताल में भर्ती हूं। जख्मी की पत्नी ममता देवी ने बताया कि मेरा पति दवा लाने पटना जनहित ट्रेन पकड़ने सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन जा रहा था। बदमाशों ने मेरे पति से रुपया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया, विरोध करने पर मेरे पति के साथ बुरी तरह से मारपीट की। गोली भी चलाई गई। मारपीट में मेरे पति जख्मी हो गए जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
इंस्पेक्टर वंदना कुमारी ने बताया कि मारपीट की घटना और गोली चलने की घटना की जानकारी नहीं मिली है। पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी। अभी आवेदन नहीं मिला है।
