सहरसा में आपसी विवाद में मारपीट हुई। इसमें 4 लोग घायल हो गए है। मामला बिहरा थाना क्षेत्र पुरीख गांव का है। बताया जाता है कि दरवाजे पर जबरन रखे समान को हटाने का आग्रह करना इतना मंहगा पड़ा कि एक ही परिवार के चार सदस्यों को गंभीर रूप से जख्मी स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बीते 22 सितंबर की शाम को दीपक कुमार सिंह अपने दरवाजे पर नए भवन निर्माण के लिए मिट्टी गिरा रहे थे। उसी दौरान फुचो सिंह का सामान उस जगह पर काफी समय से रखा हुआ था। जिसे हटाने का आग्रह किया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में तब्दील हो गया।
फुचो सिंह के पक्ष के लोगों ने मिर्च का पाउडर छिड़क कर लाठी, रड और बिजली का तार से जमकर पिटाई की। घटना को लेकर पीड़ित ने 24 सितंबर को थाने में आवेदन भी दिया है। प्रथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
25 सितंबर को सभी सदर अस्पताल रेफर
गंभीर रूप से जख्मी तीन भाई सहित एक महिला को पहले सीएचसी पंचगछिया में भर्ती करवाया गया। स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने 25 सितंबर को सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
जख्मी दीपक कुमार सिंह और कृष्णा सिंह ने बताया कि अपने गृह निर्माण के लिए दरवाजा पर मिट्टी भराने का कार्य कर रहे थे। उसी दौरान दरवाजे पर अनधिकृत रूप से रखा समान हटाने को कहा गया। शाम को फुचो सिंह,अनु सिंह,सोनू सिंह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले मिर्ची पाउडर छिड़का फिर रड, लाठी व बिजली के वायर से जमकर हम लोगों पर टूट पड़े।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
बिहरा थाना के प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना अध्यक्ष दयानंद कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना घटित हुई है। आवेदन प्राप्त है। पुलिस को घटना स्थल पर भेजा गया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
