मधेपुरा के सिंहेश्वर मुख्य बाजार में NH-106 पर पुलिस ने कार सवार छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक दारोगा का बेटा भी शामिल है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से अवैध हथियार, गोली और मोबाइल बरामद किया गया है। इसकी जानकारी सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में सर्किल इंस्पेक्टर रामलखन पंडित ने दी।
उन्होंने बताया कि सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में बढ़ी लूट व चोरी की घटना के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम के नेतृत्व में अपर थानाध्यक्ष केडी यादव व पुलिस बल के सहयोग से विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी में सिंहेश्वर मुख्य बाजार में पुलिया पर एक एक्सयूवी कार को रोका गया। तलाशी के क्रम में एक देशी पिस्टल और छह पीस जिंदा गोली व मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने कार भी जब्त कर लिया है। सभी गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार बदमाशों में गम्हरिया थाना क्षेत्र के मानपुर वार्ड नौ निवासी अरुण ऋषि देव के बेटे नीतीश कुमार, सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड-12 निवासी सुरेंद्र यादव के बेटे सुनील कुमार, पिपरा थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड-11 निवासी गंगा यादव के बेटे नीतीश कुमार, त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के पकरी वार्ड-17 निवासी ललन यादव के बेटे अभिमन्यु कुमार, त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मिरजावा वार्ड-13 निवासी ललन यादव के बेटे आशीष कुमार और सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बरहरी वार्ड आठ निवासी दरोगा रविंद्र कुमार यादव के बेटे ऋषभ कुमार को गिरफ्तार किया गया।
सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने कई खुलासे किए हैं। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी से अपराध पर अंकुश लगेगा। छापेमारी टीम में अपर थानाध्यक्ष केडी यादव, हवलदार लक्ष्मण कुमार, अनिल कुमार यादव और सुभाष कुमार शामिल थे।
