Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/ट्रेन से कट कर महिला की मौत:मधेपुरा में सुबह शौच के लिए घर से निकली थी, मानसिक रूप से थी अस्वस्थ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 1, 2024

MADHEPURA/ट्रेन से कट कर महिला की मौत:मधेपुरा में सुबह शौच के लिए घर से निकली थी, मानसिक रूप से थी अस्वस्थ


मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरगंज में रविवार को ट्रेन से कट कर एक महिला की मौत हो गई। मृतका मीरगंज वार्ड संख्या-11 निवासी बटेश्वर पासवान की बेटी भवानी कुमारी (23) है। बताया जा रहा है कि सुबह में जनसेवा ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है। लड़की का शरीर दो भागों में बंट गया था।


मृतका के पिता मीरगंज वार्ड-11 निवासी बटेश्वर पासवान ने बताया कि उनकी बेटी भवानी कुमारी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसका इलाज भी चल रहा था। लगभग डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी। उसे 6 माह की एक बेटी भी है। एक महीना पहले वह अपने ससुराल से मायके आई थी। रविवार की सुबह भवानी अपनी मासूम बच्ची को मेरे पास छोड़ कर शौच जाने की बात कह कर घर से बाहर निकल गई थी।

ट्रेन से कटने के कारण शव दो भाग में बंट गया। - Dainik Bhaskar
ट्रेन से कटने के कारण शव दो भाग में बंट गया।

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़

भवानी कुमारी का शव घर से लगभग दो किलोमीटर दूर पर रेलवे पटरी पर क्षत-विछत अवस्था में मिला। जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। शव मिलने की सूचना मुरलीगंज थाना को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। लोगों ने जब इसकी जानकारी दी, तो परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आवेदन मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई

परिजनों ने बताया कि भवानी कुमारी के पति पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। इधर, मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजित कुमार ने बताया कि रेलवे पटरी पर मिले महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। शव की शिनाख्त हो गई है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।