Kosi Live-कोशी लाइव आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण का तीसरी पत्नी से भी तलाक, 13 साल बाद अन्ना लेजनेवा से टूटा रिश्ता - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, November 10, 2026

आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण का तीसरी पत्नी से भी तलाक, 13 साल बाद अन्ना लेजनेवा से टूटा रिश्ता

आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण का तीसरी पत्नी से भी तलाक, 13 साल बाद अन्ना लेजनेवा से टूटा रिश्ता

आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला, दोनों ने कहा- शादी खत्म हुई, लेकिन बच्चों के लिए अच्छे माता-पिता और दोस्त बने रहेंगे

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता पवन कल्याण की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला (अन्ना लेजनेवा) ने शादी के करीब 13 साल बाद आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में इस फैसले की जानकारी दी गई है।

बयान के मुताबिक, दोनों ने आपसी समझ और सम्मान के साथ अपने वैवाहिक रिश्ते को समाप्त करने का निर्णय लिया है। हालांकि, दोनों के बीच दोस्ती का रिश्ता बना रहेगा। पवन कल्याण और अन्ना ने स्पष्ट किया है कि वे अपने बच्चों के प्रति जिम्मेदार माता-पिता बने रहेंगे। बच्चों की खुशी, सुरक्षा और भविष्य दोनों की साझा प्राथमिकता होगी।

दोनों ने अपने शुभचिंतकों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है।

पवन कल्याण की पहली शादी 1997 में हुई थी

पवन कल्याण ने साल 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी। बताया जाता है कि परिवार की इच्छा पर उन्होंने यह शादी की थी। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। बाद में पवन कल्याण अभिनेत्री रेनू देसाई के करीब आए।

इस दौरान नंदिनी ने पवन कल्याण के खिलाफ दूसरी शादी से जुड़े आरोपों को लेकर अदालत में मामला दर्ज कराया था। लंबे विवाद के बाद साल 2007 में दोनों का तलाक हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाक के समय पवन कल्याण ने करीब 5 करोड़ रुपये गुजारा भत्ता दिया था।

2009 में रेनू देसाई से की दूसरी शादी

पहली पत्नी से तलाक के बाद पवन कल्याण ने 28 जनवरी 2009 को अभिनेत्री रेनू देसाई से शादी कर ली। दोनों का एक बेटा अकिरा नंदन और एक बेटी आध्या है।

हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल सका। शादी के करीब तीन साल बाद 2012 में दोनों अलग हो गए। उनके तलाक की वजह को लेकर अलग-अलग तरह की मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई थीं, लेकिन दोनों ने सार्वजनिक रूप से इसकी स्पष्ट वजह नहीं बताई।

2013 में रूसी मॉडल अन्ना लेजनेवा से तीसरी शादी

रेनू देसाई से अलग होने के बाद पवन कल्याण की मुलाकात रूसी मॉडल अन्ना लेजनेवा से हुई थी। दोनों की मुलाकात फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं।

इसके बाद 30 सितंबर 2013 को पवन कल्याण ने अन्ना लेजनेवा से तीसरी शादी कर ली। इस शादी से दोनों के दो बच्चे हैं। बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच बताया जाता है।

अब करीब 13 साल बाद पवन कल्याण और अन्ना ने भी आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है।

शादी खत्म, लेकिन बच्चों के लिए साथ निभाने का वादा

तीसरे वैवाहिक रिश्ते के खत्म होने पर जारी बयान में दोनों ने कहा कि जिंदगी का लंबा हिस्सा साथ बिताने के बाद उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया है। शादी भले ही खत्म हो गई हो, लेकिन वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे।

दोनों ने बच्चों के बेहतर भविष्य और उनकी खुशियों को सबसे ऊपर रखने की बात कही है। पवन कल्याण के तीनों वैवाहिक रिश्तों के टूटने की खबर के बाद फिल्म और राजनीतिक जगत में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Kosi Live की रिपोर्ट