Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में 50 हजार का इनामी राजा यादव गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर था भौकाल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 19, 2024

मधेपुरा में 50 हजार का इनामी राजा यादव गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर था भौकाल


Bihar: मधेपुरा पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश राजा यादव को सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत साहुगढ़ के दीवानी टाला से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दो देसी कट्टा, स्मैक, मोबाइल आदि बरामद किया गया। इसकी जानकारी गुरुवार को एसपी संदीप सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।


एसपी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश कुमारखंड थाना क्षेत्र के आशीष यादव के बेटे राजा यादव मधेपुरा एवं आसपास के जिलों में अपहरण, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थ का कारोबार इत्यादि जैसे अपराध से पूरे जिले में भय एवं दहशत का माहौल कायम किया हुआ था।.

यह न्यायिक हिरासत से पिछले वर्ष दिसंबर 2023 में जमानत पर बाहर निकला था तथा लगातार अपराध की दुनिया में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए अपराध में जुटा हुआ था। एसपी ने बताया कि बदमाश राजा यादव अपने अपराध की करतूत सोशल मीडिया पर खुलेआम डालकर लोगों में भय का माहौल बनाता था।


इसकी गिरफ्तारी के लिए मधेपुरा पुलिस द्वारा एक छापामारी दल का गठन किया गया, जिसमें डीआईयू, सदर थाना एवं कुमारखंड थाना के पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को छापामारी दल को गुप्त सूचना मिली कि राजा यादव मधेपुरा सदर थाना अंतर्गत साहुगढ़ के दीवानी टोला में गुंजन मास्टर के घर के पास है।

जब छापामारी दल गुंजन मास्टर के घर के पास पहुंचा तो एक व्यक्ति खेत की ओर भागा, जिसे पुलिसकर्मियों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजा यादव बताया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश राजा यादव के पास से दो कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो माेबाइल और 25 ग्राम स्मैक पदार्थ बरामद हुआ।