मधेपुरा के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-106 पर टाटा शोरूम के पास बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने बाइक सवार युवक को गोली मारकर दो लाख रुपए लूट लिए। लूट की घटना के बाद हथियार लहराते भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। युवक की बांह में गोली लगी है। जिसका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही। बताया गया कि सिंहेश्वर वार्ड नंबर सात रमानी टोला निवासी योगेन्द्र राम का बेटा रविशंकर रमानी दो लाख रुपए नगद लेकर एचडीएफसी बैंक मधेपुरा जमा कराने जा रहा था।
रविशंकर बाइक चला रहा था और उनका करीबी कुमोद पीछे बैठा था। एनएच-106 पर सबैला में टाटा शोरुम के पास दो बाइक पर चार बदमाश पीछे से ओवरटेक कर रुकने का इशारा लिया। लेकिन वह बाइक को तेज गति से चलाकर वापस मुड़ गया। सभी बदमाश में उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह बाइक छोड़कर ऑटो में बैठ गया, लेकिन ऑटो चालक ऑटो लेकर आगे नहीं बढ़ा। जिसके कारण पीछे से आ रहे बदमाश वहां आ गया और रुपए की मांग करने लगा।
विरोध करने पर उनके बांह में गोली मारकर दो लाख रुपए लूट लिया। इसके बाद बदमाश हथियार लहराते हुए सिंहेश्वर बाजार की तरफ भाग निकला। सिंहेश्वर थाना अध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया कि घटना के बाद पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
