पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक 17 साल का लड़का अपनी प्रेमिका से झगड़ा होने के बाद शराब की बोतल लेकर थाने पहुंच गया। थाने पहुंचे किशोर की आंखों से आंसू बह रहे रहे थे। उसने रोते हुए दारोगा से कहा- 'साहब! मेरे पास शराब है। आप मुझे गिरफ्तार कर लीजिए।' मामला बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र का है।
प्रेमिका से हुआ था नाबालिग प्रेमी का झगड़ा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़के का उसी इलाके की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते मंगलवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा होने पर नाबालिग ने प्रेमिका को डराने के लिए खुद को पुलिस के हवाले करने की बात करने लगा, लेकिन जब लड़की नहीं मानी तो नाबालिग गुस्से में शराब की बोतल लेकर थाने पहुंच गया।
कोर्ट ने नाबालिग प्रेमी को छोड़ा
थाने में उसने पुलिसवालों से कहा, 'सर! मेरे पास शराब है, मुझे गिरफ्तार कर लीजिए।' पुलिस उसकी इस हरकत से हैरान रह गई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक शराब की बोतल बरामद हुई। हालांकि, जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। फिर भी, नाबालिग होने और शराब रखने के कारण उसके खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे छोड़ दिया गया।
नाबालिग को शराब कहां से मिला? तलाश रही पुलिस
बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नाबालिग लड़के को शराब कहां से मिली। बता दें, बिहार में शराबबंदी है। शराब रखना, बेचना और पीना कानून अपराध है।
