Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: नर्स के साथ डॉक्टर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, तो काट डाला प्राइवेट पार्ट, तीन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 12, 2024

Bihar News: नर्स के साथ डॉक्टर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, तो काट डाला प्राइवेट पार्ट, तीन गिरफ्तार


समस्तीपुर: समस्तीपुर के निजी अस्पताल में एक नर्स ने साथ दुष्कर्म का प्रयास करने पर डॉक्टर का प्राइवेट पार्ट काटने का मामला सामने आया है. मामला मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित आरबीएस हेल्थ केयर सेंटर की है. पीड़ित के बयान पर मुसरीघरारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. वहीं इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेल्थ केयर सेंटर के डॉक्टर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि एक निजी अस्पताल में अस्पताल के संचालक सह चिकित्सक डॉ .संजय कुमार  अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब के नशे में धुत्त होकर नर्स के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया.

 
बचाव के दौरान नर्स ने ऑपरेशन ब्लेड से डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट को काट डाला. पीड़िता किसी तरह जान बचाकर भाग निकली और पास के खेत में छिपकर पुलिस को घटना की सूचना दी. पीड़िता की सूचना पर पहुंचे मुसरीघरारी थानाध्यक्ष फैजुल अंसारी ने नर्स सहित जख़्मी डॉक्टर और उनके साथियों को हिरासत में लेकर सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया. घटना के संबंध में पीड़ित नर्स ने बताया कि बीती रात आरोपी डॉक्टर संजय कुमार अपने साथियों  के साथ अस्पताल बन्द कर शराब पी रहे थे. तभी अचानक उसके साथ जबरदस्ती करने लगे. उसने बचाव में उसके प्राइवेट पार्ट को ऑपरेशन करने वाले ब्लेड से काट दिया. इसके बाद वो भाग कर खेत में छिपकर पुलिस को घटना की सूचना दी.

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक एवं उनके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की सूचना मिलते ही इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान बेगूसराय जिले के तेघरा थाना के संजय कुमार ,वैशाली जिले के बालिगांव थाना के दीघा फतेहपुर गांव के सुनील कुमार गुप्ता और समस्तीपुर के बंगड़ा थाना के वाजितपुर सरसौना के अवधेश कुमार के रूप में हुई है. वहीं पुलिस ने मौके से आधा बोतल शराब, पीड़िता द्वारा प्रयुक्त ब्लेड , खून से सने कपड़े और तीन मोबाइल बरामद किया है.

इनपुट- संजीव नैपुरी