मृतका के परिजन।
सहरसा में 15 साल की नाबालिग लड़की की मौत जहर खाने से हो गई है। मामला प्रेम प्रसंग का है। परिवार का आरोप है कि उसके प्रेमी के घरवालों ने जहर खिला दिया है।
नाबालिग को सोमवार की देर शाम सदर अस्पताल लाया गया था। मंगलवार की सुबह 4 बजे के करीब उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहूंची है। उधर लड़के के घरवाले फरार हो गए हैं।
मामला सदर थाना इलाके का है। लड़का और लड़की का परिवार एक ही मोहल्ले का रहनेवाला है।
लड़की ने लड़के से शादी करने की कही थी बात
सदर अस्पताल पहुंचे नाबालिग के जीजा ने बताया कि मुहल्ले के ही राजा नाम के लड़के से करीब 2 साल के प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सोमवार को लड़की के घर पर डायल-112 की पुलिस आयी थी। उन्हें आपस में विवाद सुलझाने के लिए बुलाया गया था। फिर लड़की और लड़का दोनों को बुलाया गया।
पूछा गया तो लड़की ने कहा था कि हम राजा से शादी करेंगे, उससे प्रेम करते हैं। लड़का पक्ष भी तैयार हो गया। फिर पुलिस चली गई थी।
शाम में लड़का और लड़के की मां ने लड़की को अपने घर बुलाया। आधे घंटे बाद जब लड़की लौट कर अपने घर आई, तो इसकी तबीयत बहुत खराब होने लगी। कहा कि हमको चक्कर आ रहा है। डॉक्टर के पास लेकर चलो। हमलोग लड़की को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन इलाज के दौरान 4 बजे सुबह लड़की की मौत हो गयी।
लड़के की मां ने शादी से किया था इंकार
लड़की के पिता ने बताया कि लड़के की मां शादी नहीं करवाना चाह रही थी। बोलती थी कि शादी करेगा तो हम अपना गर्दन काट लेंगे। कल इस मामले को लेकर पुलिस भी आई थी। उसके बाद हम बाजार चले गए थे। लड़के और लड़के की मां, मेरी लडक़ी को बुलाकर अपने घर ले गए। उसके बाद ही उसकी तबीयत खराब हुई।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि दोनों शादी को तैयार थे, लेकिन परिवार वाले तैयार नहीं थे। डायल-112 की टीम उनके घर गई थी। लेकिन टीम ने कहा कि हमलोग नाबालिग की शादी नहीं करा सकते हैं। आपलोग सामाजिक स्तर पर मामला सुलझाइए। इसके बाद उनलोगों ने आपस में पंचायती की। फिर जानकारी मिली कि लड़की ने जहर खा लिया है। लड़के पक्ष द्वारा जहर खिलाने के आरोप की जांच की जाएगी। आवेदन मिला है। उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे। लड़के की अरेस्टिंग होगी।
