Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/घर के क्लेश में भाइयों को मारी थी गोली: मधेपुरा में दो खोखा के साथ गिरफ्तार, कहा-घर में प्रताड़ित करते थे - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 31, 2024

MADHEPURA/घर के क्लेश में भाइयों को मारी थी गोली: मधेपुरा में दो खोखा के साथ गिरफ्तार, कहा-घर में प्रताड़ित करते थे


 

मधेपुरा व्यवहार न्यायालय में स्टाम्प वेंडर के रूप में काम करने वाले आनंद कुमार उर्फ सिंकू की शुक्रवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके छोटे भाई राहुल कुमार ने ही इस घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने अपने बड़े भाई रमण कुमार को भी गोली मारी थी जिसका इलाज पटना के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है।

शनिवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि इन लोगों के घर में आंतरिक तनाव था। पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया कि उन्हें घर में प्रताड़ित किया जाता था। उनकी पत्नी भी छोड़ कर चली गई है, जिसके कारण वह तनाव में रहता था। परिवार के लोग उनके साथ मारपीट भी करते थे। घरेलू टॉर्चर से तंग आकर उन्होंने शुक्रवार की रात अपने दोनों बड़े भाइयों को गोली मार दी।

एएसपी ने बताया कि घटनास्थल पर शुक्रवार की रात एफएसएल की टीम भी पहुंची। जांच और निरीक्षण किया। शव को पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सुपुर्द कर दिया। इस मामले में पिता बालेश्वर भगत के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के मुख्य आरोपी राहुल कुमार को दो खोखा के साथ गिरफ्तार किया गया।

बताया जा रहा कि आरोपी राहुल कुमार को नशे का भी लत है। वह पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिसके कारण उनकी पत्नी छोड़कर चली गई। शुक्रवार को नशे की हालत में ही उन्होंने अपने दोनों भाइयों को गोली मारी थी। सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया, इसकी जांच चल रही है।