मधेपुरा में छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया गया। इसमें उत्पाद विभाग के एक अवर निरीक्षक और 3 सिपाही घायल हो गए है। घटना रविवार दोपहर 3 बजे की है। उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार ने थाना में केस दर्ज कराया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
मामला सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बुढ़ावे का है। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर सैप के जवान ने बुढ़ावे वार्ड संख्या-14 में छापेमारी की। अचानक एक दर्जन से अधिक लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। हाथ में लाठी, ईंट, पत्थर के साथ उत्पाद विभाग की टीम के कर्मी को जान से मारने की नीयत से घेर लिया और मारपीट करने लगे।
-
12 लोगों को बनाया नामजद अभियुक्त
उत्पाद विभाग के कर्मी शैलेन्द्र कुमार, मनील कुमार, अभिषेक कुमार और नीतू कुमारी घायल हुए है। घायलों में एक सहायक अवर निरीक्षक और 3 सिपाही है। उत्पाद विभाग ने केस में बुढ़ावे वार्ड संख्या-14 निवासी जुगल चौहान, मिठ्ठु चौहान, दिनेश चौहान, अशोक प्रिंस कुमार, कैलाश चौहान, नितिश कुमार, अंशु कुमारी, दिलखुश कुमार, गुंजन देवी, अनीता देवी, करण कुमार समेत 12 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
मद्य निषेध अधीक्षक बिपिन कुमार ने बताया कि सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बुढ़ावे वार्ड-14 शराब मिलने की सूचना पर छापेमारी की जा रही थी। तलाशी के दौरान करण चौहान के घर से अवैध कप सिरप और शराब बरामद हुआ। जिसके बाद करण चौहान को पुलिस अपने साथ ले जाने लगी।
इसी दौरान अचानक गांव के 12 से 15 व्यक्ति अपने हाथ में लाठी, ईंट, पत्थर, बांस एवं अन्य सामानों के साथ उत्पाद विभाग की टीम के कर्मी पर हमला कर दिया। इसमें एक सहायक अवर निरीक्षक और तीन सिपाही घायल हो गए। फिर भी एक आरोपी युगल चौहान को मद्य निषेध विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि सभी घायल पुलिसकर्मी का इलाज सिंहेश्वर सीएचसी में किया।
कई लोगों को हिरासत में लिया
सिंहेश्वर थानाध्यक्ष बीरेंद्र राम ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम पर हमला करने के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
