Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में घर लौटे युवक को घेरकर अपराधियों ने मारी गोली, मौके पर मौत; 27 मई को था रेलवे का एग्जाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 20, 2024

सहरसा में घर लौटे युवक को घेरकर अपराधियों ने मारी गोली, मौके पर मौत; 27 मई को था रेलवे का एग्जाम


 सहरसा में बीते रविवार की देर रात तकरीबन डेढ़ बजे अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। यह घटना जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के डुमरा गांव वार्ड नं 6 की बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नवहट्टा थाना क्षेत्र के डुमरा गांव वार्ड नं 6 निवासी नरेश कुमार वर्मा के बेटे अभिषेक वर्मा के रूप में हुई है। मृतक अभिषेक वर्मा तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अभिषेक पढ़ाई के साथ-साथ अपनी गाड़ी चलाकर जीवन यापन करता था। आगामी 27 मई को अभिषेक वर्मा एलपी (रेलवे) की परीक्षा में शामिल होने वाला था। लेकिन रविवार की राज अपराधियों ने घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद सभी अपराधी मौका-ए-वारदात से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि बीती देर रात जब अभिषेक गाड़ी चलाकर घर लौटा, उसी दौरान पांच-छह की संख्या में आए अपराधियों ने उस पर दो गोलियां दाग दीं। एक गोली अभिषेक को सीने में लग गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।

वहीं, मृतक के भाई अमित कुमार वर्मा ने बताया कि मेरा भाई गाड़ी चलाकर घर वापस आ रहा था। उसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उसे घेरकर गोली चला दी। एक गोली मेरे भाई के सीने में लग गई, जिससे मेरे भाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि अभिषेक वर्मा नामक युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। जानकारी के अनुसार पूर्व से मृतक के बड़े भाई से कोई विवाद था, वैसे पुलिस जांच कर रही है।