मधेपुरा के मुरलीगंज में 16 दिन पहले बाइक लूटपाट के दौरान गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान रविवार की रात मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सुबह मुरलीगंज-बिहारीगंज स्टेट हाईवे-91 पर प्रताप नगर रजनी गोठ के सबुरी चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया है।
15 मार्च को मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रजनी प्रतापनगर वार्ड-3 निवासी चंदेश्वरी मुखिया के बेटे लंबू मुखिया (35) को अपराधियों ने कोल्हाई पट्टी चौक से आगे नहर के पास गोली मारकर बाइक लूट ली थी। गोली उनके पेट में लगी थी और उनका इलाज सहरसा के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा था। जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। 16 दिन से सहरसा के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा था, लेकिन प्रशासन की ओर से किसी तरह का कोई मदद नहीं मिला। यहां तक की घटना में शामिल अपराधियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूर्व वार्ड सदस्य गुड्डू मुखिया ने कहा कि मृतक लंबू मुखिया काफी गरीब परिवार का था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। इलाज में 10 लाख से अधिक रुपया खर्च हुआ, फिर भी जान नहीं बच पाई। उन्होंने कहा कि लोगों से चंदा कर के उसका इलाज किया जा रहा था।
पूर्व वार्ड सदस्य ने कहा कि लंबू की मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों को सरकार उचित मुआवजा दें और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी हो। इधर, स्टेट हाइवे पर जाम के कारण सुबह से आवागमन बाधित है। मौके पर पहुंची मुरलीगंज थाने की पुलिस लोगों को समझने का प्रयास कर रही है। मुरलीगंज अंचलाधिकारी किसलय कुमार और थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस जवान जाम स्थल पर मौजूद है।
