कलवार सेवक समाज की मांग भाजपा सांसद रमा देवी को बिहार के किसी क्षेत्र से टिकट दे महिलाओं का करें सम्मान
बिहार के एक भी महिला को बीजेपी का टिकट नहीं मिलना, बिहारी महिलाओं का अपमान - इन्दु प्रभा, अध्यक्ष
ANA/Arvind Verma
खगड़िया। वाह रे, वैश्य समाज के नेतागण। आपको मालूम नहीं, वैश्य समाज की नेत्री एवं पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की पत्नी शिवहर सांसद को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया। जबकि यह पार्टी हमेशा महिला सशक्तिकरण की दुहाई देती है परन्तु बिहार के 40 सीटों में से एक भी सीट महिला नेत्री को नहीं दिया है। महिलाओं के साथ घोर अन्याय है। बिहार की महिलाओं को सोचना चाहिए। आगे क्या करना है ? गंभीरता से समझने की जरुरत है। कई टर्म से सांसद रहना, बेदाग छवि की नेत्री रहना, बिहार सरकार में मंत्री रहना बावजूद इसके रमा देवी का टिकट काट देना, सचमुच बिहारी महिलाओं का अपमान है। उक्त बातें, कलवार सेवक समाज के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सह महिला पत्रकार इन्दु प्रभा ने मीडिया से वार्ता के दौरान कही। आगे उन्होंने कहा यह भी आशाएं व्यक्त की जा रही है कि शायद उन्हें राज्यपाल की कुर्सी देने का वायदा पार्टी द्वारा की गई हो। क्या सच,क्या झूठ यह तो आने वाला वक्त ही बतायेगा। कलवार सेवक समाज, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष इन्दु प्रभा ने संबन्धित पार्टी के आलाकमान से आग्रह है कि अभी भी वक्त है कलवार तथा वैश्य समाज के बीच अत्यंत लोकप्रिय नेत्री रमा देवी, सांसद को बिहार के किसी क्षेत्र से टिकट देकर महिलाओं का सम्मान करें।

