मधेपुरा के बिहारीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दो जगहों पर अगलगी की घटना घट गई। इसमें पांच परिवारों का छह घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। पहली घटना नगर पंचायत बिहारीगंज वार्ड तीन की है। जहां आग लगने से पांच परिवार बेघर हो गए। मो.समीम अहमद और उसके दो बेटे मो.अफताब व मो.राजीव समेत जोगी ऋषिदेव, जयकृष्ण ऋषिदेव, उमेश ऋषिदेव का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना से पीड़ितों के घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, बक्सा, बाइक, जेवर, नकदी समेत घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
बताया गया कि आग रात करीब 11 बजे लगी। उस वक्त सभी अपने-अपने घरों में गहरी नींद में सो रहे थे। मो.समीम के घर में आग लगने से गर्मी महसूस होने से अचानक परिजनों की नींद टूटी। इसके बाद हो-हल्ला करने पर जब तक आसपास के लोग इकट्ठा हुए। तब तक आग की लपटें बहुत तेज हो चुकी थी। हालांकि आसपास के लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया।
इसी तरह दूसरी घटना पररिया पंचायत के लक्ष्मीपुर वार्ड-11 की है। यहां बिरेंद्र ऋषिदेव के घर में दरवाजे पर जल रहे अलाव से आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। अंचलाधिकारी नागेश कुमार मेहता ने बताया कि राजस्व कर्मचारी द्वारा दिए जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि मुहैया कराई जाएगी।
