दरभंगा में पतंजलि सामान की आड़ में शराब की बड़ी खेप बरामद: 98.94 लाख की 4,947 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक-खलासी गिरफ्तार
दरभंगा में मद्यनिषेध टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4,947.120 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 98 लाख 94 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्कर शराब की खेप को पतंजलि के सामान की आड़ में कंटेनर के जरिए ले जा रहे थे।
कार्रवाई बिशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल स्थित एकमी-शोभन रोड पर की गई। मद्यनिषेध टीम ने कंटेनर नंबर UP21CT3867 को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कंटेनर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
गुप्त सूचना पर पकड़ा गया कंटेनर
जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर दरभंगा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मद्यनिषेध टीम को सूचना मिली कि एक कंटेनर में दूसरे सामानों की आड़ में शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर टीम ने भरौल के पास एकमी-शोभन रोड पर कंटेनर को रोककर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पतंजलि के उत्पादों के बीच छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई।
साबुन, टूथपेस्ट और सर्फ के बीच छिपाई थी शराब
कंटेनर में 478 कार्टून साबुन, 460 कार्टून टूथपेस्ट, 155 बोरा सर्फ और 111 कार्टून ब्रश समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए। इन्हीं सामानों के बीच शराब की खेप को छिपाया गया था, ताकि सामान्य जांच के दौरान आसानी से इसका पता नहीं चल सके।
मद्यनिषेध टीम ने शराब के साथ कंटेनर को भी जब्त कर लिया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी
सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार के अनुसार, चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। दोनों से शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक शराब कारोबारी तस्करी के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। विभाग ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ा रहा है। बरामद शराब की इतनी बड़ी खेप के पीछे जुड़े पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।